home page

गंगा जल लाने गई किशोरी की डूबने से मौत

 | 
गंगा जल लाने गई किशोरी की डूबने से मौत


झाड़ग्राम, 20 जुलाई (हि. स.)। बंगला श्रावण मास के प्रथम सोमवार को जलाभिषेक के लिए गंगा जल लेने गई एक किशोरी की सुवर्णरेखा नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में शोक व्याप्त है। मृतका की पहचान प्रियंका राय (16) के रूप में हुई है। वह झाड़ग्राम जिले के सांकराइल थाना अंतर्गत रगड़ा गांव की निवासी तथा रगड़ा आरएनएम उच्च विद्यालय की छात्रा थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रियंका सोमवार को काठुयापाल बालू खदान के समीप सुवर्णरेखा नदी से जल लेने गई थी। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गई और डूब गई। घटना की सूचना पाकर स्थानीय ग्रामीण तथा सिविल डिफेंस के कर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य प्रारंभ किया। बाद में उसे नदी से बाहर निकालकर भांगागढ़ ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सांकराइल थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटना की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि अवैध बालू खनन के कारण नदी में बने गहरे गड्ढे की वजह से यह हादसा हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता