home page

नवान्न में बदली तस्वीर, पुराने मंत्रियों के कमरों में पूजा और कुर्सी बदलाव

 | 
नवान्न में बदली तस्वीर, पुराने मंत्रियों के कमरों में पूजा और कुर्सी बदलाव


कोलकाता, 12 जून (हि. स.)। राज्य सरकार में बदलाव के साथ नवान्न (पश्चिम बंगाल सचिवालय) की तस्वीर भी बदल गई है। पहले जो कमरे पुराने मंत्रियों के पास थे, अब वहां नए मंत्री बैठ रहे हैं। इसी क्रम में पहली मंजिल का 101 नंबर कमरा, जहां पहले भर्ती घोटाले में जेल जा चुके पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी बैठते थे, अब गृह एवं पर्वतीय मामलों तथा अल्पसंख्यक एवं मदरसा शिक्षा विभाग के नव नियुक्त राज्य मंत्री विशाल लामा को आवंटित किया गया है।

बुधवार को मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा हुआ था। इसके बाद शुक्रवार को पहली बार मंत्री विशाल लामा अपने नए कमरे को देखने नवान्न पहुंचे। वहां उन्हें बताया गया कि इसी कमरे में पहले पार्थ चटर्जी बैठते थे, जो नियुक्ति भ्रष्टाचार मामले में जेल जा चुके हैं। यह सुनकर मंत्री ने कहा कि कमरे का पहले शुद्धिकरण होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि गंगाजल छिड़क कर और पूजा कराने के बाद ही वह इस कमरे में बैठेंगे। इसके बाद विधि-विधान से कमरे में पूजा कराई गई।

विशाल लामा ने कहा कि कोई भी नया और शुभ काम शुरू करने से पहले पूजा करना हमारी परंपरा है। विधायक बनने के बाद मैंने अपने कार्यालय में भी पूजा कराई थी।

इसी तरह सूचना एवं संस्कृति तथा पर्यटन विभाग की मंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती ने भी नवान्न में अपने नए आवंटित कमरे में प्रवेश करते ही वहां रखी कुर्सी बदलने की मांग की। दरअसल, उस कमरे में पहले पर्यटन विभाग के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन बैठते थे। उनके और उनकी पत्नी के खिलाफ भ्रष्टाचार के कई आरोप सामने आए हैं और एफआईआर भी दर्ज हो चुकी है।

पूर्णिमा चक्रवर्ती ने कहा कि वह पुराने विवादों या नकारात्मक छवि से जुड़ी किसी चीज का असर अपने काम पर नहीं पड़ने देना चाहतीं। उन्होंने साफ कहा, “जो व्यक्ति पहले इस कमरे में थे, उन्होंने कई ऐसे काम किए जिनसे बंगाल को नुकसान पहुंचा। इसलिए मैं उस कुर्सी पर नहीं बैठूंगी।”

इसके बाद मंत्री के निर्देश पर कमरे की कुर्सी बदल दी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता