विश्व पर्यावरण दिवस पर मंत्री आनंदमय बर्मन ने दिया एकजुटता का संदेश
सिलीगुड़ी, 05 जून (हि. स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” संदेश के साथ नक्सलबाड़ी में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम कर्सियांग वन विभाग और नक्सलबाड़ी ब्लॉक प्रशासन के संयुक्त पहल में बाबू जगजीवन राम हॉस्टल परिसर में संपन्न हुआ।कार्यक्रम में राज्य के राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन ने स्वयं पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान नक्सलबाड़ी के बीडीओ, पंचायत समिति के अध्यक्ष, विपक्ष के नेता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज सभी के लिए चिंता का विषय है, इसलिए हर व्यक्ति को इसमें भागीदारी निभानी होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री के “एक पेड़ मां के नाम” संदेश को आगे बढ़ाते हुए बताया कि पूरे राज्य में यह अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि आने वाले एक वर्ष में एक करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि पर्यावरण को संरक्षित और संतुलित रखा जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

