राखी के दिन वंचित बच्चियों के साथ समय बिताने पहुंचे मंत्री भास्कर भट्टाचार्य
हुगली, 28 अगस्त (हि.स.)। रक्षा बंधन के अवसर पर मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने श्रीरामपुर स्थित निवेदिता शिक्षांगन में पहुंचकर सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों की छात्राओं के साथ राखी बंधन उत्सव मनाया। इस दौरान उन्होंने बच्चियों के साथ समय बिताया और उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।
निवेदिता शिक्षांगन के आवासीय गृह में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 42 छात्र-छात्राएं रहते हैं। मंत्री ने इस दौरान बच्चों से बातचीत की और उनकी पढ़ाई तथा अन्य आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली।
मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने कहा, “आज यहां आकर मुझे बहुत अच्छा लगा। आने वाले दिनों में मैं इनके साथ रहकर इनके कार्यों और जरूरतों को साझा करूंगा। इन्हें सरकारी सहायता मिल सके, इसके लिए आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।”
रक्षा बंधन के मौके पर मंत्री की मौजूदगी से आवासीय गृह के बच्चों में भी उत्साह देखने को मिला। आयोजन के दौरान भाई-बहन के स्नेह और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

