झाड़ू हाथ में लेकर मंत्री सुमना सरकार ने दिया स्वच्छता का संदेश
हुगली, 01 अक्टूबर (हि. स.)। स्वच्छता और साफ-सफाई को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिराट विजयकृष्ण महाविद्यालय की पहल पर स्वच्छ भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिराट महाविद्यालय से जिराट रेलवे स्टेशन तक जागरूकता पदयात्रा निकाली गई।
कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल की मंत्री एवं बालागढ़ की विधायक सुमना सरकार भी शामिल हुईं। इस दौरान उन्हें हाथ में झाड़ू लेकर स्वच्छता अभियान में भाग लेते देखा गया। उन्होंने महाविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और अन्य प्रतिभागियों के साथ पदयात्रा में हिस्सा लिया।
पदयात्रा के दौरान आम लोगों के बीच स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम से लोगों से अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने और स्वच्छ वातावरण बनाने में सहयोग करने की अपील की गई।
सुमना सरकार ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। अपने क्षेत्र को साफ रखने के साथ दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करना जरूरी है।
महाविद्यालय परिसर से शुरू हुई पदयात्रा जिराट रेलवे स्टेशन तक पहुंची। विद्यार्थियों और आम लोगों की भागीदारी से कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता और जागरूकता का संदेश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

