home page

मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने किया श्रीरामपुर थाने का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 | 
मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने किया श्रीरामपुर थाने का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा


हुगली, 11 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार के पीएचई एवं श्रम विभाग के राज्य मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने मंगलवार को श्रीरामपुर थाने का औचक निरीक्षण किया। अचानक थाने पहुंचने के बाद मंत्री ने थाना परिसर, पुलिसकर्मियों के कार्यस्थल और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पुलिस अधिकारियों और कर्मियों से बातचीत कर थाने के कामकाज, आम लोगों को दी जा रही सेवाओं तथा उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली और थाना परिसर की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।

मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने कहा कि आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के लिए पुलिसकर्मियों को भी बेहतर कार्य वातावरण और आवश्यक सुविधाएं मिलना जरूरी है। उन्होंने थाने की मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में भविष्य में हरसंभव सहयोग देने की घोषणा की।

औचक निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर भी जानकारी ली और आम लोगों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

मंत्री के अचानक थाने पहुंचने से पुलिस अधिकारियों और कर्मियों में भी सक्रियता देखने को मिली। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय