खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए आरामबाग में कृषि मंत्री का औचक निरीक्षण, कारोबारी को कड़ी चेतावनी
आरामबाग, 30 जुलाई (हि. स.)। खाद की कालाबाजारी और किसानों से निर्धारित कीमत से अधिक वसूली रोकने के लिए राज्य के कृषि मंत्री दुधकुमार मंडल ने गुरुवार को आरामबाग में अचानक एक खाद की थोक दुकान का निरीक्षण किया। पश्चिम मेदिनीपुर में एक सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने जाते समय मंत्री ने आरामबाग के कालीपुर इलाके में स्थित खाद के थोक विक्रेता की दुकान पर अचानक पहुंचकर जांच की।
निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री ने दुकान के गोदाम में रखे खाद के स्टॉक और उसके रखरखाव से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। जांच में कथित तौर पर सामने आया कि थोक बिक्री का लाइसेंस होने के बावजूद दुकान से खुदरा स्तर पर खाद बेचने का आरोप है। इस पर मंत्री ने दुकान संचालक को कड़ी चेतावनी दी।
मंत्री ने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में किसानों को निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से अधिक कीमत पर खाद नहीं बेची जा सकती। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार खाद की बिक्री पर कड़ी निगरानी रख रही है।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में कृषि मंत्री दुधकुमार मंडल ने कहा कि राज्य के विभिन्न हिस्सों से खाद की कालाबाजारी और अधिक कीमत पर बिक्री की शिकायतें मिल रही हैं। किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विभाग की ओर से नियमित रूप से औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पहली बार शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित विक्रेता को चेतावनी दी जा रही है, लेकिन दोबारा ऐसी शिकायत मिलने पर कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने यह भी बताया कि कृषि विभाग के अधिकारियों को खाद की बिक्री और स्टॉक पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कृषि मंत्री के अचानक निरीक्षण से इलाके में हलचल मच गई। स्थानीय किसानों के एक वर्ग ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए और सख्त निगरानी एवं कार्रवाई की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

