उत्तर बंगाल दौरे पर खेल राज्य मंत्री इंद्रनील खां, विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर तृणमूल कांग्रेस को घेरा
सिलीगुड़ी, 19 नवंबर (हि. स.)। खेल राज्य मंत्री इंद्रनील खां उत्तर बंगाल दौरे पर पहुंचे है। गुरुवार को बागडोगरा हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने पूर्व मंत्रियों ब्रात्य बसु और इंद्रनील सेन के खिलाफ दर्ज जीरो एफआईआर समेत कई राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
पूर्व मंत्रियों के खिलाफ जीरो एफआईआर को लेकर उन्होंने कहा कि जिन्होंने भ्रष्टाचार किया है, उनके खिलाफ एफआईआर जरूर होगी। कानून से ऊपर कोई नहीं है। उन्होंने इसे सामान्य कानूनी प्रक्रिया बताया।
तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा के विरोध का सामना करने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि विरोध तो होगा, क्योंकि उनके अनुसार जनता की सेवा करने के बजाय लगातार लोगों के खिलाफ बयानबाजी की जा रही है। उन्होंने कहा कि नेताओं को जनता के बारे में सोचना चाहिए और उनके लिए काम करना चाहिए। जनता की सेवा करने पर लोगों का समर्थन अपने आप मिलेगा।
वहीं, अभिषेक बनर्जी के कार्यालय में दमकल विभाग की कार्रवाई को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि कोलकाता में तृणमूल सरकार के कार्यकाल में लंबे समय से बिना उचित अनुमति के संकरी परिस्थितियों में इमारतों के नक्शे पास किए गए। उनके मुताबिक, इसी तरह की परिस्थितियों के कारण भीषण अग्निकांड होती हैं। उन्होंने कहा कि दमकल विभाग अपना काम कर रहा है।
वहीं, टुलु मंडल को भवानी भवन में तलब किए जाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि पुलिस अपना काम कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यह कार्रवाई पहले क्यों नहीं की गई। पत्रकारों से बातचीत के बाद इंद्रनील खां बागडोगरा हवाई अड्डे से सड़क मार्ग के जरिए डुआर्स स्थित गोरुमारा के लिए रवाना हो गए।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

