जन्मदिन समारोह में मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने रवीन्द्र संगीत और सुगम संगीत से बांधा समां
हुगली, 16 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पीएचई) एवं श्रम राज्य मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने बुधवार देर रात अपने जन्मदिन समारोह में रवीन्द्र संगीत और सुगम संगीत की मधुर प्रस्तुति देकर उपस्थित अतिथियों का दिल जीत लिया। मंत्री के भावपूर्ण गायन पर पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
रिषड़ा के निकट श्रीरामपुर स्थित सागर मैरिज हॉल में आयोजित इस भव्य समारोह में सामाजिक, राजनीतिक और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लगभग 100 विशिष्ट अतिथि शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम में आत्मीयता, सौहार्द और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
समारोह में उत्तरपाड़ा के विधायक दीपांजन चक्रवर्ती, प्रदेश भाजपा की सदस्य कृष्णा भट्टाचार्य, वरिष्ठ भाजपा नेता श्यामल बोस, पूर्व जिला अध्यक्ष मोहन अदक, भाजपा नेता राकेश चौधरी रिषड़ा नगरपालिका के वार्ड संख्या-11 की पार्षद शशि सिंह, वार्ड संख्या-10 के पार्षद मनोज सिंह, भाजपा नेता राकेश सिंह, अमित ब्रह्मा, सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जन्मदिन के अवसर पर केक काटने के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके स्नेह, शुभकामनाओं और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
समारोह का सबसे यादगार पल तब आया, जब मंत्री स्वयं मंच पर पहुंचे और रवीन्द्र संगीत के साथ सुगम संगीत की प्रस्तुति दी। उनके सहज और मधुर गायन ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अतिथियों ने खड़े होकर तालियों से उनका अभिवादन किया।
मंत्री के समर्थकों और प्रशंसकों द्वारा आयोजित इस समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और जनसेवा के क्षेत्र में निरंतर सफलता की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

