पर्यटन मंत्री ने सड़क सुधार और ट्रैफिक कंट्रोल के लिए बड़े फैसले
सिलीगुड़ी, 07 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री तथा सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष ने शहर में सड़क मरम्मत, ट्रैफिक प्रबंधन और ई-रिक्शा नियंत्रण को लेकर कई अहम घोषणाएं की हैं। सिलीगुड़ी के मैनाक टूरिस्ट लॉज में शुक्रवार को आयोजित एक संवादाता वार्ता में उन्होंने यह घोषण की।
मंत्री शंकर घोष ने बताया कि सिलीगुड़ी नगर निगम (एसएमसी) फंड से विभिन्न वार्डों में सड़क मरम्मत के लिए पांच करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा उत्तर बंगाल विकास विभाग से सात करोड़ रुपये और सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण (एसजेडीए) के तहत 100 करोड़ रुपये की परियोजनाएं टेंडर प्रक्रिया में हैं। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा से पहले गड्ढों की मरम्मत का काम पूरा कर लिया जाएगा और स्थायी सड़क निर्माण का काम पूजा के बाद शुरू किया जाएगा।
वहीं, विधायक फंड का उपयोग बस्ती क्षेत्रों के विकास पर केंद्रित किया जाएगा, जिसमें ड्रेनेज व्यवस्था और सड़कों का निर्माण शामिल है।
ई-रिक्शा संचालन को लेकर भी नई व्यवस्था लागू करने की योजना है। इसके तहत ई-रिक्शा चालकों को आईडी कार्ड, निर्धारित जोन और रंगीन स्टिकर दिए जाएंगे, ताकि यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया जा सके। मंत्री ने अवैध पार्किंग शुल्क वसूली पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी और कहा कि पार्किंग व्यवस्था के लिए जल्द ही नए ई-टेंडर जारी किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

