सिलीगुड़ी में मंत्री शंकर घोष की मैराथन बैठक, कई मुद्दों पर सख्त निर्देश
सिलीगुड़ी, 20 अगस्त (हि. स.)। राज्य के पर्यटन मंत्री और सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष ने गुरुवार को सिलीगुड़ी स्टेट गेस्ट हाउस में कई महत्वपूर्ण बैठकें की है। नगर निगम अधिकारियों, होटल व्यवसायियों, फायर सेफ्टी प्रतिनिधियों और विभिन्न स्कूलों के अधिकारियों व शिक्षकों के साथ हुई इन बैठकों में शहर की कई अहम समस्याओं पर चर्चा हुई।
बैठक में नगर निगम की सेवाओं, अनियमितताओं की शिकायतों, होटल अग्नि सुरक्षा, नाबालिग छात्रों के बाइक-स्कूटी चलाने और ट्रैफिक व्यवस्था जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
मंत्री शंकर घोष ने स्पष्ट कहा कि अनियमितता की शिकायत सही पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए विशेष वॉट्सऐप हेल्पलाइन शुरू किए जाने की जानकारी भी उन्होंने दी है।
होटल अग्नि सुरक्षा को लेकर मंत्री ने कहा कि जल्द ही एक विशेष समिति बनाई जाएगी, जो शहर के विभिन्न होटलों का अचानक निरीक्षण कर सकेगी। फायर सेफ्टी में गंभीर खामी मिलने पर संबंधित होटल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उसे बंद भी किया जा सकता है। होटल कर्मचारियों के लिए विशेष अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण शुरू करने की योजना पर भी चर्चा हुई।
वहीं, 18 वर्ष से कम उम्र के छात्रों के बाइक या स्कूटी चलाकर स्कूल आने पर रोक लगाने की दिशा में कदम उठाने की बात कही गई। स्कूल प्रबंधन के साथ-साथ अभिभावकों को भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने का निर्देश दिया गया।
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, बेतरतीब पार्किंग और टोटो की समस्या पर भी चर्चा हुई।
मंत्री ने कहा कि पुलिस कमिश्नर और वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। शहर में मंत्री मौजूद हों या नहीं, कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक नियमों का समान रूप से पालन होना चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

