ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का मंत्री ने किया उद्घाटन
सिलीगुड़ी, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर बंगाल के नक्सलबाड़ी ग्रामीण अस्पताल में बहुप्रतीक्षित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का शनिवार को उद्घाटन किया गया। राज्य के वित्त एवं परिवहन विभाग के राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन ने फीता काटकर इस अत्याधुनिक स्वास्थ्य इकाई का शुभारंभ किया। इस मौके पर दार्जिलिंग के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तुलसी प्रामाणिक समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
उद्घाटन के बाद राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन ने बताया कि इस हेल्थ यूनिट में फिलहाल ट्रायल रन शुरू हो चुका है और अब डॉक्टरों द्वारा लिखे गए लगभग सभी जरूरी ब्लड टेस्ट इसी अस्पताल में उपलब्ध होंगे। इससे मरीजों को बाहर जाकर महंगे टेस्ट कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
उन्होंने बताया कि इस यूनिट के निर्माण पर करीब 66 लाख रुपये खर्च किए गए हैं, जबकि लगभग 20 लाख रुपये की आधुनिक जांच मशीनें स्थापित की गई है।
यहां लिपिड प्रोफाइल, ब्लड शुगर, थायरॉयड समेत करीब 40 से 50 प्रकार के रक्त परीक्षण किए जा सकेंगे। पहले इस अस्पताल में इतनी व्यापक जांच सुविधाएं उपलब्ध नहीं थी।
मंत्री ने कहा कि इस नई सुविधा से क्षेत्र के हजारों मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा और स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ होंगी। राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि आयुष्मान भारत योजना के कार्ड जल्द ही आम लोगों को मिलेंगे। साथ ही जो लोग इस योजना के दायरे में नहीं आएंगे, उनके लिए भी समान राशि में इलाज की व्यवस्था की जाएगी।
इसके अलावा, राज्य बजट के तहत इस क्षेत्र में एम्स जैसी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधा विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है। भविष्य में आयुष विभाग को भी अलग से विकसित करने की बात कही गई।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

