कंचनजंघा स्टेडियम के पास स्थायी पार्किंग लॉट का मंत्री ने किया शिलान्यास
सिलीगुड़ी, 17 सितंबर (हि. स.)। शहर की लंबे समय से चली आ रही पार्किंग समस्या के समाधान के लिए कंचनजंघा स्टेडियम से सटे मेला मैदान में स्थायी पार्किंग लॉट के निर्माण कार्य का गुरुवार को राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने शिलान्यास किया है। दीप प्रज्वलित और नारियल फोड़कर परियोजना की औपचारिक शुरुआत की गई।
कार्यक्रम में सिलीगुड़ी नगर निगम के कमिश्नर बीर विक्रम राय, डीसीपी ट्रैफिक काजी शमसुद्दीन अहमद, एसीपी ट्रैफिक सुबीर दत्त समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार, करीब 1.65 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक पार्किंग लॉट तैयार किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य विधान मार्केट और आसपास के इलाकों में लंबे समय से बनी ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्या का समाधान करना है।
इस दौरान मंत्री शंकर घोष ने बताया कि पूजा से पहले पार्किंग व्यवस्था का बड़ा हिस्सा चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। पूरी परियोजना को 15 अक्टूबर तक पूरा करने की योजना है। इसके बाद मेला मैदान का मुख्य उपयोग पार्किंग ढांचे के रूप में किया जाएगा। मंत्री ने शहर में लगने वाले विभिन्न मेलों के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित करने के संकेत भी दिए। पूजा के बाद शहर के बीचों-बीच मेला आयोजित करने के बजाय पर्याप्त पार्किंग सुविधा वाले स्थानों को प्राथमिकता देने की योजना है। भविष्य में विश्व बांग्ला शिल्पी हाट का भी इस तरह के आयोजनों के लिए इस्तेमाल करने पर विचार किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

