मंत्री भास्कर भट्टाचार्य की फेसबुक पोस्ट से राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज, रिषड़ा और श्रीरामपुर नगरपालिकाओं की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
हुगली, 25 जून (हि. स.)। श्रीरामपुर के विधायक एवं राज्य मंत्री भास्कर भट्टाचार्य की एक फेसबुक पोस्ट को लेकर गुरुवार को राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। अपनी पोस्ट में मंत्री ने रिषड़ा और श्रीरामपुर नगरपालिकाओं के चेयरमैनों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि वे लोगों को उचित नागरिक सेवाएं देने में सक्षम नहीं हैं, तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार की राजनीतिक टिप्पणी करना नहीं था, बल्कि आम लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता की ओर ध्यान आकर्षित करना था। उन्होंने बताया कि दोनों नगरपालिकाओं के कार्यों को लेकर पहले भी कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा की जा चुकी है।
मंत्री ने कहा कि हम दोनों नगरपालिकाओं में जाकर उनके साथ चर्चा कर चुके हैं। मैंने कोई राजनीतिक टिप्पणी नहीं की है। लेकिन यह भी सच है कि कई इलाकों में लोगों को अपेक्षित सेवाएं नहीं मिल रही हैं। विभिन्न वार्डों में समय-समय पर स्थानीय लोगों को सड़कों पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन करना पड़ रहा है। लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण ही मैंने यह पोस्ट किया है।
वहीं, श्रीरामपुर नगरपालिका के चेयरमैन गिरिधारी शाह ने मंत्री की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मंत्री नगरपालिका क्षेत्र की परिस्थितियों से पूरी तरह परिचित हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बदलने के बाद कुछ प्रशासनिक और तकनीकी कारणों से विकास कार्यों में बाधाएं आई हैं, लेकिन समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
चेयरमैन ने कहा कि मंत्री हमारे नगरपालिका क्षेत्र की स्थिति को अच्छी तरह जानते हैं। कुछ कारणों से कार्यों में अस्थायी कठिनाइयां आई हैं। मैं इस विषय पर मंत्री महोदय से चर्चा करूंगा और उम्मीद है कि स्थिति जल्द सामान्य हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि हाल ही में नगरपालिका के 25 नंबर वार्ड में एक समस्या को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई थी। स्थानीय निवासियों को आश्वासन दिया गया है कि सात दिनों के भीतर उस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
मंत्री की फेसबुक पोस्ट के बाद रिषड़ा और श्रीरामपुर में नगर प्रशासन की कार्यप्रणाली तथा नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर नई बहस छिड़ गई है। राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इस मुद्दे पर चर्चा जारी है, जबकि आम लोग अब दोनों नगरपालिकाओं से जमीनी स्तर पर सुधारात्मक कदमों की अपेक्षा कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

