प्रशासनिक व्यस्तता के बीच डुआर्स के जंगल में दिलीप घोष ने की हाथी की सवारी
जलपाईगुड़ी, 12 जून (हि.स.)। प्रशासनिक व्यस्तताओं के बीच प्रकृति के करीब पहुंचने का अलग ही अनुभव होता है। शुक्रवार सुबह उत्तर बंगाल के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल धूपझोड़ा बीट के ‘ट्री हाउस’ में राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने पत्नी के साथ हाथी सफारी का आनंद लिया। इस दौरान उनके साथ स्थानीय विधायक पुना भेंगरा और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। मंत्री के इस जंगल दौरे की तस्वीरें अब चर्चा का विषय बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, मंत्री गुरुवार रात को ही चापरामारी फॉरेस्ट बंगले पहुंचे थे, जहां उन्होंने घने जंगल के बीच रात बिताई। शुक्रवार तड़के सुबह की शुरुआत उन्होंने जलढाका रेलवे पुल के पास कुछ समय पैदल टहलकर की। इसके बाद वे गोरुमारा साउथ रेंज के अंतर्गत धूपझोड़ा ट्री हाउस स्थित एलिफेंट कैंप पहुंचे। एलिफेंट कैंप में पहुंचने पर महावतों ने मंत्री और उनकी पत्नी को ‘कुनकी’ हाथियों से परिचित कराया। उन्होंने हाथियों के रहन-सहन और महावतों के प्रशिक्षण को करीब से देखा। इसके बाद मंत्री और विधायक हाथी पर सवार होकर गोरुमारा के घने जंगलों में सफारी के लिए निकल पड़े।
जंगल के भीतर हाथी की पीठ पर किया गया यह सफर उनके लिए काफी रोमांचक अनुभव रहा, जो उनके चेहरे पर साफ झलक रहा था। इस दौरान मंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों से गोरुमारा क्षेत्र के पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन ढांचे को लेकर विस्तृत जानकारी भी ली। माना जा रहा है कि उत्तर बंगाल के पर्यटन को और अधिक आकर्षक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में यह दौरा अहम साबित हो सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

