home page

जिराट अस्पताल का मंत्री सुमना सरकार ने किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं का लिया जायजा

 | 
जिराट अस्पताल का मंत्री सुमना सरकार ने किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं का लिया जायजा


हुगली, 21 अगस्त (हि.स.)। बलागढ़ विधानसभा क्षेत्र के जिराट अहमदपुर ग्रामीण अस्पताल का नाम बदलकर अब डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ग्रामीण अस्पताल किया गया है। नामकरण के बाद शुक्रवार को पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री सुमना सरकार ने अस्पताल का दौरा कर स्वास्थ्य सुविधाओं और बुनियादी ढांचे का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का दौरा किया और वहां उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं, आधारभूत सुविधाओं तथा मरीजों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की।

मंत्री ने अस्पताल की वर्तमान व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ ही यह भी देखा कि स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं कितनी आसानी और प्रभावी तरीके से उपलब्ध हो रही हैं। अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा मरीजों के लिए सुविधाओं का विस्तार करने को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा भी की गई।

सुमना सरकार ने कहा कि आम लोगों को बेहतर, सुलभ और जनोन्मुखी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और चिकित्सा सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आने वाले दिनों में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

अस्पताल के नामकरण और मंत्री के निरीक्षण को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्सुकता देखने को मिली। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में अस्पताल के माध्यम से उन्हें और बेहतर तथा आसानी से उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय