home page

वसूली मामले पर मंत्री अर्जुन सिंह की सख्त चेतावनी — सिर्फ चेतावनी से नहीं होगा, सीधे निष्कासन

 | 
वसूली मामले पर मंत्री अर्जुन सिंह की सख्त चेतावनी — सिर्फ चेतावनी से नहीं होगा, सीधे निष्कासन


दार्जिलिंग, 04 अगस्त (हि. स.)। जबरन वसूली के मुद्दे पर सत्तारूढ़ दल (भाजपा) के भीतर बढ़ती शिकायतों के बीच राज्य के श्रम एवं परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ कहा कि सिर्फ नाराजगी जताने या चेतावनी देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें सीधे पार्टी से बाहर करना होगा।

गौरतलब है कि पूर्ववर्ती सरकार के खिलाफ विपक्ष के रूप में जिस वसूली के मुद्दे पर भाजपा सबसे ज्यादा मुखर थी, आरोप अब पार्टी के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं पर ‘बूमरैंग’ की तरह लौटते दिख रहे हैं। इस मुद्दे पर पहले ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, दिलीप घोष और अग्निमित्रा पाल भी चिंता जता चुके हैं और सख्त संदेश दे चुके हैं।

उत्तर बंगाल दौरे पर पहुंचे मंत्री अर्जुन सिंह ने मंगलवार को दार्जिलिंग के विभिन्न चाय बागानों का दौरा किया और श्रम भवन भी गए। इस दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को चेताते हुए कहा, “सिर्फ नाराजगी जताने से कोई फायदा नहीं है। जो लोग वसूली मामले में शामिल हैं, वे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित करना चाहिए।”

हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें खुद को भाजपा कार्यकर्ता बताने वाला एक व्यक्ति बालू से लदी ट्रकों को रोककर चालकों से पैसे वसूलता नजर आ रहा था। यह वीडियो एक ट्रक चालक द्वारा रिकॉर्ड किया गया बताया जा रहा है। इस घटनाक्रम के बाद पार्टी के भीतर अनुशासन और छवि को लेकर बहस तेज हो गई है। नेतृत्व की ओर से साफ संकेत दिया गया है कि इस तरह की गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार