पूर्व मंत्री के करीबी समेत दो गिरफ्तार, गेस्ट हाउस में अनैतिक गतिविधियों का खुलासा
कोलकाता, 07 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री सुजीत बोस के कथित करीबी सायन दे और अनिर्बाण को विधाननगर पुलिस आयुक्तालय की गुप्तचर शाखा की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया। दोनों पर पूर्व मंत्री से कथित नजदीकी का प्रभाव दिखाकर रंगदारी वसूलने, जमीन पर अवैध कब्जा कराने, गेस्ट हाउस की आड़ में महिला तस्करी तथा नाबालिग लड़कियों से देह व्यापार कराने जैसे गंभीर आरोप हैं।
जानकारी के अनुसार, यह गेस्ट हाउस सॉल्टलेक के सुकांतनगर इलाके में स्थित है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां लंबे समय से विभिन्न प्रकार की अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं। इतना ही नहीं, क्षेत्र के एक प्रमोटर ने भी आरोप लगाया था कि उससे जबरन धन उगाही की गई। स्थानीय निवासियों ने तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान कई बार विधाननगर दक्षिण थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि उस समय सायन दे की तत्कालीन मंत्री सुजीत बोस से कथित नजदीकी के कारण पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
सरकार बदलने के बाद विधाननगर पुलिस की गुप्तचर शाखा ने मामले की जांच शुरू की। शुक्रवार को पुलिस ने संबंधित गेस्ट हाउस में छापेमारी की। इस दौरान वहां से कई युवतियों और नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया। पुलिस ने उनके बयान दर्ज करने के बाद उन्हें छोड़ दिया। इसके बाद गेस्ट हाउस में कथित अनैतिक गतिविधियां संचालित करने के आरोप में सायन दे और अनिर्बाण को गिरफ्तार कर लिया गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सायन दे को कई बार पूर्व मंत्री सुजीत बोस के साथ सार्वजनिक कार्यक्रमों में देखा गया है। सामाजिक माध्यमों पर भी दोनों की एक साथ तस्वीरें उपलब्ध हैं।
भारतीय जनता पार्टी के विधाननगर मंडल-दो के सहाध्यक्ष शांतनु सरकार ने कहा कि वर्तमान सरकार ने भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मामलों में शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई है। इसी के तहत सायन दे और अनिर्बाण की गिरफ्तारी में भी किसी प्रकार की रियायत नहीं बरती गई।
हालांकि, सायन दे ने अपने खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उधर, पूर्व मंत्री सुजीत बोस इस समय जेल में बंद हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

