राज्य तथा जिले में विकास कार्यों को लेकर मंत्री अग्निमित्रा पाल बड़ा बयान
कोलकाता, 16 मई (हि. स.)। शहरी विकास तथा शिशु और महिला कल्याण मंत्री अग्निमित्रा पाल ने राज्य तथा जिले में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से आयोजित एक अहम बैठक के बाद बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के अधिकारियों के साथ हुई यह बैठक बेहद सकारात्मक रही, जिसमें जल, सड़क, स्वच्छता और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में डीएम, एसडीओ समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे और सभी अधिकारियों के संपर्क नंबर विधायकों को उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि भविष्य में क्षेत्रवार समस्याओं के समाधान के लिए सीधे संवाद स्थापित किया जा सके। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में प्रत्येक विधायक अपने-अपने क्षेत्र में अधिकारियों के साथ अलग से बैठक कर विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि अब आसनसोल और पूरे बंगाल की जनता को वास्तविक विकास देखने को मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि कई नगर निगमों और नगरपालिकाओं में लंबे समय से चुनाव नहीं हुए हैं, जिस पर मुख्यमंत्री ने भी जल्द चुनाव कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाया जा सके। पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में नगर निगमों में विकास कार्यों की उचित मॉनिटरिंग नहीं हुई, जिसके कारण कई परियोजनाएं अधूरी रह गईं। अब सभी लंबित कार्यों और उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी। जल जीवन मिशन और अमृत परियोजना के तहत हुए कार्यों की भी समीक्षा की जाएगी।
बैठक में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के मुद्दे पर भी सख्त रुख अपनाया गया। बिना अनुमति के बने व्यावसायिक भवनों को चिन्हित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, बाजारों में पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और रेट चार्ट सार्वजनिक करने की बात कही गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, हालांकि जरूरतमंद लोगों को हटाने से पहले उनके पुनर्वास की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि कोयला, बालू और पशु तस्करी जैसे अवैध कारोबारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वर्ष 2021 के पोस्ट पोल हिंसा के मामलों की भी दोबारा जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई। जून महीने में वैकल्पिक बजट पेश किया जाएगा, जिसमें पानी की समस्या के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।
कुल्टी जल परियोजना में खर्च हुए फंड की जांच होगी और झरिया क्षेत्र में वाटर सप्लाई पंप से जुड़े ब्रिज के टूटने की घटना की भी जांच की जाएगी, जिसे बालू तस्करी से जोड़ा जा रहा है। अंत में उन्होंने कहा कि अब किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हर मामले में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसी के साथ, आसनसोल के दक्षिण क्षेत्र स्थित हिरापुर में शनिवार को तेज बारिश और झोंकेदार हवाओं के बीच भी अग्निमित्रा पाल ने धन्यवाद रैली जारी रखी। हाल ही में मंत्रिमंडल में शपथ लेने के बाद वह लगातार अपने विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय नजर आ रही हैं। इस रैली में उन्होंने खुले वाहन पर खड़े होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे और सड़क के दोनों ओर खड़े स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। पूरे हिरापुर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां हर तरफ राजनीतिक जोश और समर्थन की झलक दिखाई दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

