home page

कलकत्ता हाईकोर्ट ने कांग्रेस नेता मिलन प्रधान की अंतरिम जमानत बढ़ाने से किया इनकार, शुक्रवार तक आत्मसमर्पण का आदेश

 | 
कलकत्ता हाईकोर्ट ने कांग्रेस नेता मिलन प्रधान की अंतरिम जमानत बढ़ाने से किया इनकार, शुक्रवार तक आत्मसमर्पण का आदेश


कोलकाता, 25 नवंबर (हि. स.)। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने बुधवार को नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार रहे मिलन प्रधान के मामले में कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उनकी अंतरिम जमानत की अवधि बढ़ाने से इनकार कर दिया। न्यायमूर्ति तीर्थंकर घोष की पीठ ने उन्हें आगामी शुक्रवार (27 नवंबर) तक आत्मसमर्पण करने का सख्त निर्देश दिया है।

सुनवाई के दौरान अदालत ने इस बात पर असंतोष जताया कि अंतरिम जमानत की बढ़ी हुई अवधि समाप्त होने के बावजूद मिलन प्रधान ने आत्मसमर्पण करने के बजाय फिर से जमानत के लिए आवेदन कर दिया। न्यायमूर्ति घोष ने आदेश दिया कि उन्हें 27 नवंबर तक हर हाल में आत्मसमर्पण करना होगा, जिसके बाद वे नियमित पीठ (रेगुलर बेंच) के समक्ष जमानत के लिए आवेदन कर सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि उपचुनाव से ठीक पहले मिलन प्रधान को छह पुराने मामलों में गिरफ्तार किया गया था। गत 29 सितंबर को न्यायमूर्ति घोष ने इन सभी मामलों में उन्हें तीन सप्ताह की अंतरिम जमानत दी थी और पहले 21 अक्टूबर तक हल्दिया अदालत में आत्मसमर्पण करने को कहा था। उच्च न्यायालय के इस आदेश के खिलाफ राज्य सरकार ने उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन शीर्ष अदालत ने उनकी अंतरिम जमानत बरकरार रखी थी। इसके बाद 20 अक्टूबर को उच्च न्यायालय ने शर्तों के साथ उनकी जमानत की अवधि 25 नवंबर तक बढ़ा दी थी। बुधवार को यह अवधि समाप्त होने पर अदालत ने इसे और आगे बढ़ाने से साफ इनकार कर दिया।

मिलन प्रधान को पूर्व मेदिनीपुर के चंडीपुर से 19 वर्ष पुराने मामलों में गिरफ्तार किया गया था। वर्ष 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन के दौरान उनके खिलाफ नंदीग्राम थाने में हत्या, हत्या के प्रयास, गैर-कानूनी जमावड़े और लूटपाट सहित तीन मामले दर्ज किए गए थे। इसके अलावा खेजुरी थाने में भी उनके विरुद्ध मामले दर्ज हैं। हालांकि, विपक्षी दलों का आरोप था कि चुनाव से पहले राजनीतिक स्वार्थ साधने के लिए उनकी गिरफ्तारी की गई थी।

वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर के साथ-साथ नंदीग्राम सीट से भी जीत दर्ज की थी, जिसके बाद उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ दी थी। वहां छह अक्टूबर को उपचुनाव हुआ और नौ अक्टूबर को मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी एवं शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हासीरानी रथ विजयी हुईं। उपचुनाव संपन्न होने के बावजूद कांग्रेस उम्मीदवार द्वारा आत्मसमर्पण न किए जाने पर अब उच्च न्यायालय ने कड़ा रुख अपनाते हुए शुक्रवार तक का अंतिम समय दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा