सर्दियों की शुरुआत के साथ फूलबाड़ी महानंदा बैराज में विदेशी प्रवासी पक्षियों का आगमन, पर्यटकों की बढ़ी चहल-पहल
जलपाईगुड़ी, 23 नवंबर (हि. स.)। सर्दियों की दस्तक के साथ ही पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से सटे फूलबाड़ी महानंदा बैराज में प्रवासी पक्षियों का आगमन शुरू हो गया है। उत्तर बंगाल के विभिन्न जलाशयों की तरह महानंदा नदी के इस बैराज क्षेत्र में भी नवंबर के मध्य से अलग-अलग प्रजातियों के रंग-बिरंगे पक्षी दिखाई देने लगे हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि दिसंबर और जनवरी में इनकी संख्या में और इजाफा होगा।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हर साल सर्दियों के मौसम में विभिन्न देशों और क्षेत्रों से प्रवासी पक्षी महानंदा बैराज पहुंचते हैं। तिब्बत और अफ्रीका समेत विभिन्न इलाकों से आने वाले इन खूबसूरत पक्षियों को देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में पक्षी प्रेमी और पर्यटक यहां पहुंचते हैं।
इस साल भी पक्षियों की आमद शुरू होते ही बैराज इलाके में लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी है। कई पक्षी प्रेमी कैमरे के साथ यहां पहुंचकर इन दुर्लभ और आकर्षक पक्षियों की तस्वीरें ले रहे हैं।
इस संबंध में पार्क कर्मचारी कृष्णा रविदास ने बताया कि इस वर्ष 15 नवंबर के बाद से ही प्रवासी पक्षियों का आगमन शुरू हो गया है। दिसंबर और जनवरी में पक्षियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। आमतौर पर फरवरी और मार्च के आसपास सर्दियों का मौसम समाप्त होने के साथ ही ये पक्षी अपने मूल स्थानों की ओर लौटने लगते हैं।
पक्षियों की सुरक्षा और उनके प्राकृतिक वातावरण को बनाए रखने के लिए भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कृष्णा रविदास के मुताबिक, पक्षियों को परेशान होने से बचाने के लिए इलाके में तेज आवाज करने और लाउडस्पीकर बजाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
सर्दियों की शुरुआत में ही प्रवासी पक्षियों की मौजूदगी से फूलबाड़ी महानंदा बैराज एक बार फिर पक्षी प्रेमियों और प्रकृति प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बन गया है। आने वाले महीनों में यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

