गयेशपुर में वोट देने लौटे प्रवासी मजदूर की मौत, इलाके में सनसनी
नदिया, 27 अप्रैल (हि. स.)। प्रवासी मजदूर की असामान्य मौत से सनसनी फैल गई है। पूर्वस्थली की घटना के बाद अब नदिया जिले के गयेशपुर में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान अनिकेत दे (20) के रूप में हुई है, जो हुगली जिले के मगरा इलाके का निवासी था। वह बेंगलुरु में काम करता था और हाल ही में राज्य लौटकर नदिया के गयेशपुर में अपने मामा के घर रह रहा था।
बताया जा रहा है कि वह पहली बार वोट देने के लिए घर लौटा था।
परिवार के अनुसार, रविवार रात अनिकेत ने दोस्तों के साथ शराब पी थी। इसके बाद घर लौटने पर उसकी परिवार के सदस्यों के साथ कहासुनी हो गई। बताया जाता है कि इसके बाद वह घर से निकल गया। सोमवार सुबह घर के पीछे उसका शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला।
घटना की सूचना पाकर कल्याणी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर कल्याणी के जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष अनिकेत पहली बार मतदान करने वाला था, लेकिन उससे पहले ही उसकी असामान्य मौत हो गई। इससे पहले शनिवार को पूर्वस्थली में भी एक प्रवासी मजदूर की रहस्यमय मौत हुई थी। परिवार का दावा है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई। वह भी वोट देने के लिए राज्य लौटा था। उसका शव एक मैदान से क्षत-विक्षत अवस्था में मिला था, जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
गयेशपुर में इस दूसरी घटना से इलाके में चिंता और शोक का माहौल है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

