home page

मेदिनीपुर सड़क दुर्घटना में व्यक्ति की मौत

 | 
मेदिनीपुर सड़क दुर्घटना में व्यक्ति की मौत


पश्चिम मेदिनीपुर, 22 फरवरी (हि. स.)। जिले के मेदिनीपुर शहर के समीप तातिगेड़ीया संलग्न विश्वविद्यालय रोड पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अनूपकुमार महापात्र (46) के रूप में हुई है, जो गुड़गुड़िपाल थाना क्षेत्र के भाइकाचक इलाके के निवासी थे।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने ट्रक को रोककर तोड़फोड़ करते हुए टायर जलाकर पथावरोध कर दिया। बाद में पुलिस के पहुंचने और आश्वासन देने पर स्थिति नियंत्रित हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार ट्रक गोलापीचक से मेदिनीपुर शहर के रांगामाटी स्थित एफसीआई गोदाम की ओर जा रहा था। वहीं, अनूपकुमार महापात्र अपने बाइक से मेदिनीपुर शहर से घर लौट रहे थे। तातिगेड़ीया के पास विश्वविद्यालय रोड पर अचानक ट्रक ने नियंत्रण खो दिया और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक सवार अनूपकुमार महापात्र सड़क पर गिर पड़े और घटनास्थल पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें इलाज के लिए मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दुर्घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। शाम करीब पांच बजे से लगभग एक घंटे तक स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने इलाके में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की मांग उठाई। बाद में गुड़गुड़िपाल थाना पुलिस के हस्तक्षेप और आवश्यक कार्रवाई के आश्वासन के बाद अवरोध समाप्त किया गया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है, जबकि ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता