मेदिनीपुर स्टेशन के साइकिल और मोटरबाइक स्टैंड को कब्जे से मुक्त कराया
पश्चिम मेदिनीपुर, 26 अक्टूबर (हि. स.)। जिले के मेदिनीपुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित साइकिल और मोटरबाइक स्टैंड को रेलवे ने लंबे समय से चल रहे कानूनी विवाद के बाद कब्जे से मुक्त करा लिया है। रेलवे अधिकारियों ने रविवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और मेदिनीपुर कोतवाली थाने की पुलिस के साथ मिलकर यह अभियान चलाया। यह कार्रवाई कलकत्ता उच्च न्यायालय के निर्देश पर की गई।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, साइकिल स्टैंड के ठेके की अवधि 31 मार्च 2014 को समाप्त हो गई थी। इसके बावजूद स्टैंड पर कब्जा बनाए रखने का आरोप लगा था। आरोप है कि शेख सेराफत ने कई बार अदालत में मामला दायर कर स्थगन आदेश प्राप्त किया और स्टैंड का संचालन जारी रखा। तीन स्टैंडों में से नंबर दो स्टैंड कुछ वर्ष पहले ही निविदा के माध्यम से दूसरे ठेकेदार को सौंप दिया गया था। मुख्य विवाद नंबर एक और तीन स्टैंड को लेकर था।
वहीं, शेख सेराफत ने दावा किया कि वह वर्ष 2001 से स्टैंड का संचालन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें केवल 24 घंटे पहले नोटिस देकर जबरन हटा दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में अदालत में मुकदमा चल रहा है।
रेलवे अनुसार न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए स्टैंड को कब्जे से मुक्त कराया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

