लिनोनेल मेसी पर लिखी गई पुस्तक का हुआ विमोचन
पश्चिम बर्दवान, 31 मई (हि. स.)। बर्नपुर के भारती भवन में रविवार को एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां कमलेंदु मिश्रा द्वारा अर्जेंटीना के प्रख्यात फुटबॉल खिलाड़ी मेसी पर लिखी गई एक किताब का किया गया। यह पुस्तक वर्ष 2022 में मेसी द्वारा फुटबॉल विश्व में किए गए बेहतरीन प्रदर्शन को केंद्र में रखकर लिखी गई है।
आसनसोल दक्षिण की विधायक और राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने पुस्तक का विमोचन किया। इस मौके पर उन्होंने फुटबॉल और विशेषकर मेसी पर इस तरह की किताब लिखने के लिए कमलेंदु मिश्रा की सराहना की।
उन्होंने कहा कि मेसी सिर्फ एक फुटबॉल खिलाड़ी नहीं हैं, बल्कि वह पूरे विश्व में करोड़ों युवाओं का वह सपना हैं जिसे वे हमेशा देखते हैं। उन्होंने कहा कि मेसी के जीवन से हमें बहुत कुछ सीखने को मिलता है, क्योंकि वह अर्जेंटीना के एक बहुत ही निम्न मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं, लेकिन अपने परिश्रम, निष्ठा और अनुशासन की वजह से आज वह पूरे विश्व की धड़कन बन चुके हैं। यह दिखाता है कि हम कहां से शुरुआत करते हैं यह महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि हम अपने परिश्रम और निष्ठा से कहां तक पहुंच सकते हैं, यह अधिक महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार है. डबल इंजन की सरकार राज्य में विकास कार्यों को तेज गति से संपन्न करने की दिशा में कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि राज्य में चार स्मार्ट सिटी बनाने की परियोजना है, जिसमें आसनसोल भी शामिल है। इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्र में पांच नए शहर बनाए जाएंगे, जो हिमालयन सिटी के रूप में जाने जाएंगे।
मंत्री ने साफ कहा कि पश्चिम बंगाल में डबल इंजन की सरकार बन चुकी है और अब यहां के विकास को कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में पश्चिम बंगाल 50 साल पीछे चला गया था, लेकिन अब बंगाल तेज गति से आगे बढ़ेगा।
कार्यक्रम में साहित्य, खेल और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। पुस्तक विमोचन के दौरान मेसी के खेल जीवन, उनकी उपलब्धियों और युवाओं पर उनके प्रभाव को लेकर भी चर्चा की गई। मौके पर पुस्तक के लेखक कमलेंदु मिश्रा, मंत्री के पिता अशोक राय सहित कई विशिष्ट व्यक्ति मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

