मेजिया में 600 करोड़ की इस्पात परियोजना का शुक्रवार को शिलान्यास करेंगे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी
बांकुड़ा, 16 जुलाई (हि.स.)। राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शुक्रवार को बांकुड़ा के मेजिया पहुंचेंगे। वह श्याम स्टील समूह की नई इस्पात एवं विद्युत परियोजना का शिलान्यास करेंगे।
जानकारी के अनुसार, मेजिया के जेमुआ स्थित श्याम स्टील संयंत्र के विस्तार के लिए प्रारंभिक चरण में लगभग 600 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत दो फेरो मिश्रधातु इकाइयों तथा 40 मेगावाट क्षमता के एक ताप विद्युत संयंत्र की स्थापना की जाएगी।
तय कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री दोपहर लगभग 12 बजे हेलीकॉप्टर से मेजिया पहुंचेंगे। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री तापस राय, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, लोक निर्माण मंत्री अजय कुमार पोद्दार तथा परिवहन एवं श्रम मंत्री अर्जुन सिंह सहित शुभेंदु मंत्रिमंडल के कई सदस्य उपस्थित रहेंगे।
श्याम स्टील ने वर्ष 2011 में मेजिया में उत्पादन शुरू किया था। कंपनी ने पश्चिम बंगाल में लगभग 15 हजार करोड़ रुपये निवेश की योजना बनाई है, जिसमें मेजिया संयंत्र का विस्तार प्रमुख है। उद्योग जगत का मानना है कि परियोजना से उत्पादन क्षमता बढ़ने के साथ बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

