home page

उत्तर बंगाल के बंद चाय बागानों के पुनरुद्धार को लेकर बैठक, श्रमिक हितों की सुरक्षा पर जोर

 | 
उत्तर बंगाल के बंद चाय बागानों के पुनरुद्धार को लेकर बैठक, श्रमिक हितों की सुरक्षा पर जोर


सिलीगुड़ी, 25 सितंबर (हि.स.)। उत्तर बंगाल के गैर-संचालित चाय बागानों को दोबारा शुरू करने को लेकर शुक्रवार को सिलीगुड़ी स्थित श्रमिक भवन में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता श्रम विभाग के प्रभारी मंत्री अर्जुन सिंह ने की। बैठक में दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट समेत संबंधित अधिकारी और हितधारक मौजूद रहे। बैठक में बंद पड़े चाय बागानों को जल्द से जल्द दोबारा संचालित करने पर चर्चा हुई।

मंत्री अर्जुन सिंह ने कहा कि चाय बागान प्रबंधन की लापरवाही, कुप्रबंधन और लंबे समय तक जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं करने की स्थिति को जारी नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने सभी गैर-संचालित चाय बागानों को फिर से खोलने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी कहा गया कि चाय बागानों को फिर से शुरू करने की प्रक्रिया में श्रमिकों, स्थानीय हितधारकों, सरकार और वित्तीय संस्थानों के साथ समन्वित चर्चा की जाएगी। इसका उद्देश्य श्रमिकों के हितों की रक्षा के साथ चाय बागानों के लिए आर्थिक रूप से टिकाऊ व्यवस्था तैयार करना है।

वहीं, सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि दार्जिलिंग पहाड़, तराई और डुआर्स के चाय बागान लंबे समय से उपेक्षा और निष्क्रियता से प्रभावित रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और श्रम मंत्री अर्जुन सिंह के कदम का स्वागत करते हुए कहा कि चाय बागानों के पुनरुद्धार से हजारों श्रमिकों और उनके परिवारों की आजीविका तथा सम्मान बहाल करने में मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार