काली पूजा और छठ पूजा को लेकर नगर निगम की पूजा कमेटियों के साथ बैठक
सिलीगुड़ी, 02 नवंबर (हि. स.)। काली पूजा और छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को सिलीगुड़ी नगर निगम की ओर से विभिन्न पूजा कमेटियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की गई। बैठक में पर्यटन मंत्री एवं सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष, नगर निगम के कमिश्नर, बिजली विभाग, दमकल विभाग, पुलिस के अधिकारी तथा विभिन्न पूजा कमेटियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पूजा आयोजन को लेकर कई दिशा-निर्देश जारी किए गए। पूजा कमेटियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि पूजा के दौरान किसी भी तरह का डीजे नहीं बजाया जाएगा। वहीं, बड़े पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग द्वार बनाने का निर्देश दिया गया है। विशेष रूप से निकास द्वार को प्रवेश द्वार से अधिक चौड़ा रखने पर जोर दिया गया, ताकि भीड़ के कारण किसी तरह की अव्यवस्था या अप्रिय घटना न हो।
इस दौरान पूजा कमेटियों के प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को भी सामने रखा। मंत्री शंकर घोष ने सभी की बातें ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित कमेटियों को अपनी शिकायतें लिखित रूप में नगर निगम में जमा कराने की सलाह दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन समस्याओं का समाधान संभव है, उनके निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

