home page

नवान्न में मुख्यमंत्री और मोर्चा के शीर्ष नेतृत्व के बीच बैठक, दिसंबर में दार्जिलिंग-कालिम्पोंग दौरे पर जाएंगे शुभेंदु अधिकारी

 | 

सिलीगुड़ी, 20 नवंबर (हि.स.)। पहाड़ की तीन नगरपालिकाओं के आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी के बीच शुक्रवार को नवान्न में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के शीर्ष नेतृत्व की बैठक हुई। इस बैठक में मोर्चा अध्यक्ष बिमल गुरुंग, महासचिव रोशन गिरि और दार्जिलिंग के विधायक नोमन राय मौजूद रहे। बैठक में पहाड़ के विकास, जीटीए की कार्यप्रणाली और आगामी नगरपालिका चुनाव समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक के दौरान मोर्चा नेताओं ने गोरखालैंड टेरिटोरियल एडमिनिस्ट्रेशन (जीटीए) की प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार कर कामकाज तेज करने की मांग उठाई। इसके साथ ही पूर्व में जीटीए में कथित वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों की उचित जांच कराने की मांग भी की गई। नेताओं ने पिछली सरकार के कार्यकाल में राजनीतिक कारणों से मोर्चा कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने और दार्जिलिंग व कलिम्पोंग की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के सामने रखा।

बैठक के अंतिम चरण में दिसंबर के पहले सप्ताह में आयोजित होने वाले पारंपरिक 'तीस्ता उत्सव' का मुद्दा उठा। मोर्चा नेताओं ने मुख्यमंत्री को उत्सव में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है।

नवान्न सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री नौ दिसंबर को दार्जिलिंग में तीस्ता उत्सव में शामिल होंगे और 10 दिसंबर को कालिम्पोंग का दौरा करेंगे।

दार्जिलिंग के विधायक नोमन राय ने बैठक को सकारात्मक बताया है। उन्होंने कहा कि पहाड़ के लोगों की लंबे समय से लंबित समस्याओं, जीटीए की निष्क्रियता, भ्रष्टाचार और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया। साथ ही आगामी तीन नगरपालिकाओं के चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सभी मुद्दों पर ध्यान देते हुए जल्द कदम उठाने का आश्वासन दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार