home page

गाड़ी पर अंडे फेंके जाने का मामला : मीनाक्षी मुखर्जी ने कलकत्ता हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया

 | 
गाड़ी पर अंडे फेंके जाने का मामला : मीनाक्षी मुखर्जी ने कलकत्ता हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया


कोलकाता, 08 जुलाई (हि. स.)। मीनाक्षी मुखर्जी ने शीतलकुची में उनकी गाड़ी पर अंडे फेंके जाने की घटना को लेकर बुधवार को कलकत्ता हाईकोर्ट में याचिका दायर करने की अनुमति मांगी। उन्होंने अदालत से भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए हस्तक्षेप करने की अपील की है।

मीनाक्षी की ओर से अधिवक्ता अभिषेक हलदार ने न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की एकल पीठ के समक्ष मामले का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि मंगलवार को उत्तर बंगाल के कूचबिहार जिले के शीतलकुची में एक दिवंगत पार्टी कार्यकर्ता के परिजनों से मुलाकात कर लौटते समय उनकी गाड़ी पर अंडे फेंके गए थे। इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अदालत के हस्तक्षेप की आवश्यकता है।

न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने याचिका दायर करने की अनुमति देते हुए कहा कि औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद मामले की सुनवाई नियमानुसार की जाएगी।

मंगलवार को मीनाक्षी मुखर्जी शीतलकुची में पार्टी कार्यकर्ता मोंटू मियां के परिजनों से मिलने गई थीं।

माकपा का दावा है कि मोंटू मियां की दो दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी और परिवार इसे हत्या मानता है। पार्टी का आरोप है कि पुलिस ने शुरुआती दौर में शिकायत दर्ज करने से भी इनकार किया और बाद में शिकायत स्वीकार की।

परिजनों से मुलाकात के बाद जब मीनाक्षी की गाड़ी शीतलकुची बाजार से गुजर रही थी, तभी कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी पर लगातार अंडे फेंके। उस समय गाड़ी में पूर्व सांसद आलोकेश दास भी मौजूद थे।------------------

मीनाक्षी ने भाजपा और पुलिस पर लगाए आरोप

मीनाक्षी मुखर्जी ने आरोप लगाया कि हमला भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। उन्होंने घटना का सीधा प्रसारण सोशल मीडिया पर भी किया, जिसमें गाड़ी के शीशे पर लगातार अंडे फेंके जाते दिखाई दे रहे हैं।

घटना के बाद वह कूचबिहार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और लिखित शिकायत सौंपने के बाद वहीं धरने पर बैठ गईं। उनका आरोप है कि शिकायत दिए जाने के बावजूद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं की गई। उन्होंने सवाल उठाया, क्या अब सड़क पर सम्मान और सुरक्षा के साथ चलना भी संभव नहीं है? क्या यही कानून का राज है?

मीनाक्षी ने यह भी कहा कि मोंटू मियां की मौत और मुंबई में काम करने गए शीतलकुची के एक प्रवासी श्रमिक का शव वापस लाने में कथित लापरवाही के विरोध में माकपा जल्द ही जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय का घेराव करेगी।

वहीं, भाजपा के कूचबिहार जिलाध्यक्ष अभिजीत बर्मन ने घटना में पार्टी की किसी भी भूमिका से इनकार किया। उनका कहना है कि इस घटना से भाजपा का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि किसी आम नागरिक ने नाराजगी में अंडे फेंके हैं तो उसकी जिम्मेदारी भाजपा पर नहीं डाली जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि माकपा हर घटना के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर