home page

मेदिनीपुर में पुलिस पर पक्षपात का आरोप, 500 तृणमूल कार्यकर्ता गिरफ्तार : तृणमूल नेताओं का दावा

 | 
मेदिनीपुर में पुलिस पर पक्षपात का आरोप, 500 तृणमूल कार्यकर्ता गिरफ्तार : तृणमूल नेताओं का दावा


मेदिनीपुर, 22 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में चुनावी आचार संहिता लागू होने के बाद पुलिस प्रशासन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। तृणमूल कांग्रेस ने बुधवार को एक बार फिर पुलिस पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है और इस मामले को मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष उठाया है।

तृणमूल नेताओं का आरोप है कि पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर में पुलिस भाजपा के पक्ष में काम कर रही है। इस मुद्दे पर शशि पांजा, राजीव कुमार और शुभाशीष दास सहित कई नेताओं ने शिकायत दर्ज कराई है।

मिडिया से बातचीत के दौरान शशि पांजा ने आरोप लगाया कि दोनों मेदिनीपुर जिलों में तृणमूल कार्यकर्ताओं को परेशान किया जा रहा है और उन्हें धमकियां दी जा रही हैं, जिससे अराजक स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस तृणमूल की शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायतों पर तुरंत कदम उठाए जा रहे हैं।

शुभाशीष दास ने दावा किया कि अब तक मेदिनीपुर में कम से कम पांच सौ तृणमूल कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है और पुलिस पूरी तरह पक्षपात कर रही है।

इसी मुद्दे पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हुगली के हरिपाल में एक जनसभा से चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भारी संख्या में केंद्रीय बल और बाहरी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि स्थानीय अधिकारियों को हटाया गया है।

ममता बनर्जी ने कहा कि कुछ “चुने हुए लोगों” को तैनात कर प्रशासन को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी नेता शुभेंदु अधिकारी मेदिनीपुर में जानबूझकर अराजक माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं और कई जगहों पर सड़क जाम कराया जा रहा है।

हालांकि, इन आरोपों पर भाजपा की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय