मेदिनीपुर में स्ट्रांग रूम के बाहर देर रात हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा
मेदिनीपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। मेदिनीपुर शहर में शुक्रवार देर रात बाद स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर अवैध जमावड़े को लेकर अचानक तनाव की स्थिति बन गई। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर दोनों दलों के कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में जमा होने लगे। कौन पहले पहुंचा और किस कारण से भीड़ लगी, इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे तनाव में बदल गई। दोनों दलों ने एक-दूसरे पर चुनावी नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया।
स्थिति बिगड़ते देख मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों को वहां से हटाकर इलाके को खाली कराया और स्ट्रॉन्ग रूम के आसपास सुरक्षा और कड़ी कर दी।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि स्ट्रॉन्ग रूम क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अनधिकृत भीड़ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
हालांकि इस घटना को लेकर कुछ समय के लिए इलाके में तनाव का माहौल बना रहा, लेकिन फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

