प्रचार, विवाद और रूट मार्च से गरमाया पश्चिम मेदिनीपुर का चुनावी माहौल
पश्चिम मेदिनीपुर, 14 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र पश्चिम मेदिनीपुर जिले में सोमवार देर रात तक राजनीतिक गहमा गहमी और गतिविधियां तेज रहीं। कहीं चुनाव प्रचार और रोड शो हुए तो कहीं राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और प्रशासनिक सतर्कता भी देखने को मिली।
सोमवार सुबह जिले के केशपुर इलाके में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान का भरोसा दिलाने के लिए प्रशासन सक्रिय नजर आया। जिलाधिकारी बिजिन कृष्णा और पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना ने केंद्रीय बलों के जवानों के साथ बाजार इलाके और आसपास के क्षेत्रों में रूट मार्च किया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें निर्भय होकर मतदान करने का संदेश दिया।
दिन में जिले के पिंगला क्षेत्र में राजनीतिक विवाद ने माहौल को गर्म कर दिया। पिंगला ब्लॉक के गोवर्धनपुर ग्राम पंचायत के स्मृतिबिंदा गांव में तृणमूल कांग्रेस के झंडे और बैनर जलाने की घटना सामने आई। तृणमूल उम्मीदवार अजीत मायती ने आरोप लगाया कि रात के अंधेरे में भाजपा समर्थित असामाजिक तत्वों ने यह काम किया है और कड़ी निंदा की। वहीं, भाजपा उम्मीदवार स्वागत मानना ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि तृणमूल खुद ही इस तरह की घटनाएं कर भाजपा को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। घटना को लेकर इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
दूसरी ओर चुनाव प्रचार भी लगातार जारी रहा। कड़ी धूप में झाड़ग्राम और जंगलमहल क्षेत्र में अभिनेत्री और राज्यसभा सांसद कोयल मलिक ने तृणमूल उम्मीदवारों के समर्थन में रोड शो कर माहौल को और गर्म कर दिया। उन्होंने बिनपुर विधानसभा क्षेत्र में बीरबाहा हंसदा तथा गोपीबल्लभपुर क्षेत्र में अजीत महतो के समर्थन में लोगों से मतदान की अपील की।
दिनभर की गतिविधियों के बाद सोमवार देर शाम खड़गपुर शहर में राजनीतिक माहौल और गरम हो गया, जब कोलकाता के मेयर और राज्य के मंत्री फिरहाद हकीम तृणमूल उम्मीदवार प्रदीप सरकार के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे। खड़गपुर के ईदगाह मैदान में आयोजित सभा में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें ‘गब्बर सिंह’ से तुलना की।
वहीं, सोमवार देर शाम करीब साढ़े नौ बजे भाजपा नेता दिलीप घोष खड़गपुर के प्रमुख मंदिरों में से एक श्याम बाबा मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर दर्शन किए और उपस्थित लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान तृणमूल नेता फिरहाद हकीम के बयानों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे बयानों से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।
इन सबके बीच मंगलवार को भी जिले में चुनावी गतिविधियां जारी रहने वाली हैं। तृणमूल कांग्रेस के प्रचार को और तेज करने के लिए अभिनेता-सांसद देव मंगलवार को खड़गपुर पहुंचेंगे। वे खड़गपुर सदर विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार प्रदीप सरकार के समर्थन में तालबागीचा मुक्ति संघ क्लब प्रांगण में शाम चार बजे एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

