केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक से सम्मानित होंगे क्रांति चौकी प्रभारी तेनजिंग भूटिया, पश्चिम बंगाल के आठ पुलिस अधिकारियों का चयन
जलपाईगुड़ी, 02 नवंबर (हि. स.)। जांच में दक्षता, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्य के लिए क्रांति पुलिस चौकी के प्रभारी तेनजिंग भूटिया को वर्ष 2026 के ‘केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक’ से सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से 31 अक्टूबर को पुरस्कार पाने वाले अधिकारियों की सूची जारी की गई।
इस वर्ष पश्चिम बंगाल पुलिस के कुल आठ अधिकारियों को इस सम्मान के लिए अक्टूबर चुना गया है। इनमें तेनजिंग भूटिया जलपाईगुड़ी जिले के एकमात्र चयनित पुलिस अधिकारी हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अपने कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण मामलों की सफल जांच और बेहतर पुलिसिंग के लिए उन्हें यह सम्मान दिया जा रहा है। वर्ष 2023 में चामुर्ची में हुए सामूहिक दुष्कर्म के एक मामले की जांच की जिम्मेदारी तेनजिंग भूटिया के पास थी। उस समय वह चामुर्ची थाने के प्रभारी थे। उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया था। बाद में न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने पर अदालत ने एक आरोपित को 25 वर्ष और दूसरे को 20 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी।
इसके अलावा चामुर्ची थाने में तैनाती के दौरान कई महत्वपूर्ण मामलों में उनकी भूमिका रही। मयनागुड़ी थाने में सेकेंड ऑफिसर के रूप में कार्य करते समय कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए गए उनके प्रयासों को भी इस सम्मान के लिए ध्यान में रखा गया। वर्तमान में क्रांति पुलिस चौकी के प्रभारी के रूप में उनके कार्यों को भी महत्वपूर्ण माना गया है।
मंगलवार को तेनजिंग भूटिया ने कहा कि यह पदक उन्हें भविष्य में और बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करेगा। वहीं, माल महकमा पुलिस अधिकारी सुदीप्त सरकार ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि तेनजिंग की यह सफलता गर्व की बात है। उनका सम्मान अन्य पुलिस अधिकारियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

