home page

मेचेदा : सड़क हादसे में चालक की मौत, कई घायल

 | 
मेचेदा : सड़क हादसे में चालक की मौत, कई घायल


पूर्व मेदिनीपुर, 29 नवंबर (हि. स.)। जिले के मेचेदा में रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में कार चालक की मौत हो गई। हादसे में कई अन्य लोग घायल हुए हैं। तेज रफ्तार कार ने पहले सड़क पार कर रही एक महिला को टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक होटल में जा घुसी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां इलाज के दौरान दो लोगों ने दम तोड़ दिया।

सूत्रों के अनुसार, रविवार सुबह करीब छह बजे मेचेदा फाइव प्वाइंट के पास कोलाघाट से हल्दिया की ओर जा रही एक कार ने सड़क पार कर रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कुछ दूरी आगे सिनेमा मोड़ के पास स्थित एक होटल में कार जा घुसी। हादसे में महिला राहगीर समेत कार में सवार कई लोग घायल हो गए थे।

मृत महिला की पहचान निरुपमा कोले के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह कोलाघाट ताप विद्युत केंद्र में काम करने जा रही थीं। वहीं, कार में चालक समेत पांच युवक सवार थे। घायलों को मेचेदा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान महिला और कार चालक की मौत हो गई। अन्य घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता स्थानांतरित करने की तैयारी की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया है कि कार में सवार लोग नशे की हालत में थे। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता