home page

नहर मरम्मत के दौरान हादसा, मेचेदा बाजार की कई दुकानें ढहीं

 | 
नहर मरम्मत के दौरान हादसा, मेचेदा बाजार की कई दुकानें ढहीं


पूर्व मेदिनीपुर, 09 मार्च (हि. स.)। मेदिनीपुर जिले के शहीद मातंगिनी ब्लॉक के मेचेदा स्थित रामतारक हाट इलाके में नहर की मरम्मत के दौरान बड़ा धंसाव हो गया। इस धंसाव के कारण सोवादिघी नहर के किनारे बनी लगभग 60 से 70 दुकानें अचानक ढह गईं। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन कई दुकानों में रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, लंबे समय बाद सोवादिघी नहर की सफाई और मरम्मत का काम शुरू किया गया था। पिछले कुछ दिनों से नहर के किनारे मिट्टी काटने का काम चल रहा था। आरोप है कि काम सही तरीके से नहीं किया गया और मिट्टी को मजबूत किए बिना गहराई तक खुदाई कर दी गई, जिससे किनारे की जमीन कमजोर हो गई। इस कारण अचानक धंसाव हो गया।

दुकानदारों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से जमीन में छोटी-छोटी दरारें दिखाई दे रही थीं। बाद में ये दरारें बढ़ती गईं और अचानक कई दुकानों का हिस्सा धंसकर गिर गया।

दुकानदारों ने यह भी आरोप लगाया कि नहर की खुदाई वैज्ञानिक तरीके से नहीं की गई। अन्य जगहों की तुलना में इस इलाके में अधिक गहराई तक मिट्टी निकाल ली गई थी, जिससे संतुलन बिगड़ गया और धंसाव हो गया।

घटना की खबर मिलते ही शहीद मातंगिनी ब्लॉक के बीडीओ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल उस इलाके में काम बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने मामले की जानकारी सिंचाई विभाग को दे दी है।

इधर इस घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि सत्तारूढ़ पार्टी के संरक्षण में मिट्टी माफिया अवैज्ञानिक तरीके से खुदाई कर रहे थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हालांकि तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता