मोहम्मद सलीम का केंद्र और राज्य सरकार पर कटाक्ष, मिड-डे मील और ‘बुलडोजर नीति’ को लेकर उठाए सवाल
सिलीगुड़ी, 03 जुलाई (हि. स.)। उत्तर बंगाल में मुख्यमंत्री के दौरे के बीच सिलीगुड़ी में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में माकपा के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने शुक्रवार को केंद्र और राज्य सरकार पर कटाक्ष किया है।
उन्होंने देश की खराब होती आर्थिक स्थिति और बढ़ती महंगाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आम जनता पर बोझ डालकर बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरती कीमत और रोजमर्रा की वस्तुओं के बढ़ते दामों पर गहरी चिंता जताई।
मोहम्मद सलीम ने मिड-डे मील में सोयाबीन के उपयोग को लेकर भी केंद्र सरकार की नीति की कड़ी आलोचना की। साथ ही, देशभर में चल रही ‘बुलडोजर नीति’ पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध अतिक्रमण हटाने के नाम पर मेहनतकश लोगों की आजीविका छीनी जा रही है।
उन्होंने उत्तर बंगाल के बंद पड़े चाय बागानों को जल्द खोलने की मांग करते हुए कहा कि इससे हजारों श्रमिकों को रोजगार मिल सकेगा। सलीम ने सरकार से इस दिशा में तत्काल ठोस कदम उठाने की अपील की।
हालांकि, उन्होंने नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के उत्तर बंगाल दौरे को सकारात्मक कदम बताया और कहा कि आम लोगों की समस्याएं सुनने के लिए नियमित रूप से क्षेत्र का दौरा किया जाना चाहिए।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनके दौरे अधिकतर औपचारिक ही रहे उससे कोई ठोस परिणाम नहीं निकला।
सलीम ने शिक्षा क्षेत्र में कथित भ्रष्टाचार समेत तृणमूल शासनकाल के विभिन्न मामलों पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

