प्रचार के दौरान जनता के सवालों से घिरे गौतम देव
सिलीगुड़ी, 23 मार्च (हि.स.)। सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 30 के तराई स्कूल मैदान में जनसंपर्क अभियान के दौरान मेयर गौतम देव को मिला-जुला अनुभव हुआ। एक ओर जहां वे बच्चों के साथ क्रिकेट खेलते हुए नजर आए, वहीं दूसरी ओर उन्हें स्थानीय लोगों के तीखे सवालों का भी सामना करना पड़ा।
सोमवार सुबह से ही उन्होंने इलाके में मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों से बातचीत कर प्रचार शुरू किया। जनसंपर्क के तहत तराई स्कूल मैदान में बच्चों के साथ कुछ समय क्रिकेट भी खेला, जिससे माहौल हल्का और सकारात्मक बना।
हालांकि, प्रचार के दौरान स्थानीय महिलाओं ने शहर की पुरानी समस्याओं को लेकर सीधे सवाल उठाए। उन्होंने पीने के पानी की कमी, खराब फुटपाथ और हरियाली की कमी जैसे मुद्दों पर नाराजगी जाहिर की। एक महिला ने सवाल किया कि सत्ता में रहते हुए इन बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम क्यों नहीं उठाए गए। इस दौरान लोगों ने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की, वहीं मेयर ने सभी सवालों के जवाब देने की कोशिश की।
इसी बीच, इलाके में प्रचार कर रहे भाजपा विधायक और उम्मीदवार शंकर घोष ने भी सत्तारूढ़ दल पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा, ये आम लोगों की रोजमर्रा की समस्याएं है। मेयर को विकास के लिए पर्याप्त मौका मिला, लेकिन उन्होंने बार-बार अक्षमता दिखाई। लोगों के सवाल अब जवाब मांग रहे है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

