सिलीगुड़ी हिट एंड रन मामले में मृत शंकर छेत्री के परिवार से मिले मेयर
सिलीगुड़ी, 01 मार्च (हि. स.)। 18 फरवरी की मध्यरात्रि सेवक रोड पर हुए चर्चित ‘हिट एंड रन’ हादसे में मृत शंकर छेत्री के परिवार के साथ सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव ने मुलाकात किया। रविवार दोपहर मेयर खोरीबाड़ी ब्लॉक के पानीटंकी संलग्न बाजारूछांट स्थित शंकर के घर पहुंचे। उनके साथ महकमा परिषद के सभाधिपति अरुण घोष सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।
मौके पर मृतक की बहन मानु छेत्री ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रभावशाली आरोपित देवांशु पाल के परिजन लगातार केस वापस लेने का दबाव बना रहे है। उनका दावा है कि शनिवार को अदालत परिसर में समझौते के लिए एक ब्लैंक चेक तक देने की पेशकश की गई।
मानु छेत्री ने साफ कहा कि उन्हें पैसे नहीं, बल्कि अपने भाई के लिए न्याय चाहिए। इस संबंध में खोरीबाड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
परिवार की बातें सुनने के बाद मेयर ने पुलिस अधिकारियों से फोन पर बात कर कथित तौर पर धमकी देने वालों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मेयर ने उन्होंने कहा कि शंकर का परिवार अकेला नहीं है। प्रशासन उनके साथ है और दोषियों को सजा जरूर मिलेगी।
इसके अलावा, हादसे में घायल शंकर की मित्र काजल राई के इलाज का पूरा खर्च सिलीगुड़ी जिला अस्पताल की रोगी कल्याण समिति से वहन कराने का आश्वासन दिया गया।
गौरतलब है कि 18 फरवरी की रात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से शंकर की मौत हो गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित देवांशु पाल को गिरफ्तार किया। पहले उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया था, जबकि शनिवार को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत का आदेश दिया है।
मामले में आरोपित के प्रभावशाली परिवार से जुड़े होने के कारण शुरुआत से ही पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे थे। मेयर की इस पहल के बाद स्थानीय लोगों में न्याय की उम्मीद जगी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

