सिलीगुड़ी नगर निगम में सियासी हलचल तेज, गौतम देव के बाद अब एक और इस्तीफा
सिलीगुड़ी, 20 जून (हि.स.)। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद उत्तर बंगाल की राजनीति में उथल-पुथल लगातार जारी है। इसी कड़ी में सिलीगुड़ी नगर निगम में संकट गहराता जा रहा है। शुक्रवार को मेयर गौतम देव के इस्तीफे के बाद अब मेयर परिषद से वार्ड नंबर 13 के पार्षद मानिक दे ने भी इस्तीफा दे दिया है।
मानिक दे नगर निगम के कचरा प्रबंधन (जंजाल सफाई) विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार को मेयर गौतम देव ने मेयर परिषद के सदस्यों के साथ एक बंद कमरे में बैठक की थी। इसी बैठक में उन्होंने अपने इस्तीफे की इच्छा जाहिर की, जिससे वहां मौजूद सदस्य हैरान रह गए थे। जिसके बाद शुक्रवार को गौतम देव ने मेयर पद से इस्तीफा दे दिया।
मेयर के इस्तीफे की खबर सामने आते ही पार्टी के अंदरूनी मतभेद भी उजागर हो गए। बताया जा रहा है कि संगठन के भीतर लंबे समय से चल रही खींचतान और प्रशासनिक स्तर पर कई समस्याओं के चलते यह फैसला लिया गया।
अब, गौतम देव के इस्तीफे के महज 24 घंटे के भीतर मानिक दे के भी पद छोड़ने से नगर निगम में राजनीतिक अस्थिरता को और बढ़ा दिया है।
राजनीतिक हलकों में अब यह बड़ा सवाल बन गया है कि क्या आगे और भी इस्तीफे होंगे? अगर इसी तरह पार्षद एक-एक कर पद छोड़ते हैं, तो मौजूदा बोर्ड का टिके रहना मुश्किल हो सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

