आसनसोल : मेयर विधान उपाध्याय लखपति तो पत्नी करोड़पति
आसनसोल, 04 अप्रैल (हि.स.)।
आसनसोल नगर निगम के मेयर तथा बाराबनी विधानसभा सीट के तृणमूल उम्मीदवार विधान उपाध्याय की आय पिछले दस वर्षों में लगभग स्थिर रही है, जबकि उनकी पत्नी की आय में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई है।
वर्ष 2015-16 से 2019-20 के बीच उपाध्याय की कुल आय 52,10,179 रुपये रही, जबकि इसी अवधि में उनकी पत्नी की आय 80,45,565 रुपये दर्ज की गई।
इसके बाद वर्ष 2020-21 से 2024-25 के बीच उपाध्याय की आय बढ़कर 65,36,105 रुपये हुई, वहीं उनकी पत्नी की आय बढ़कर 1,61,30,103 रुपये पहुंच गई।
वर्ष 2024-25 में उनकी पत्नी की वार्षिक आय 53,76,003 रुपये बताई गई है। साफ है कि जहां मेयर की आय में सीमित बढ़ोतरी हुई, वहीं उनकी पत्नी की आय लगभग दोगुनी हो गई।
वर्ष 2021 के हलफनामे के अनुसार, उपाध्याय के पास 48,21,109 रुपये की चल संपत्ति और 12,75,250 रुपये की अचल संपत्ति थी, साथ ही उन पर कोई कर्ज नहीं था।
वहीं उनकी पत्नी के पास 1,43,56,442 रुपये की चल संपत्ति और 2.75 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति थी, जबकि कर्ज 1,78,16,006 रुपये था।
वर्ष 2026 तक आते-आते उपाध्याय की चल संपत्ति बढ़कर 51,50,271 रुपये और अचल संपत्ति 21.35 लाख रुपये हो गई, और अब भी उन पर कोई कर्ज नहीं है।
दूसरी ओर उनकी पत्नी की संपत्ति में बड़ा उछाल आया है—चल संपत्ति बढ़कर 3,47,35,206 रुपये और अचल संपत्ति 3,52,10,500 रुपये हो गई।
जहां पहले उनकी पत्नी पर 1.78 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज था, वहीं 5 साल में यह घटकर 77,58,440 रुपये रह गया है। नामांकन के दौरान दाखिल हलफनामे के अनुसार, उपाध्याय उच्च माध्यमिक पास हैं।
साथ ही उनके खिलाफ आसनसोल नॉर्थ थाने में केस नंबर 36/96 दर्ज होने का भी उल्लेख किया गया है।
कुल मिलाकर आंकड़े बताते हैं कि जहां मेयर की आय और संपत्ति में सीमित बढ़ोतरी हुई है, वहीं उनकी पत्नी की आय और संपत्ति में तेज उछाल आया है। यही वजह है कि मौजूदा स्थिति में परिवार की आर्थिक ताकत का बड़ा हिस्सा उनकी पत्नी के नाम पर केंद्रित नजर आता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

