मयनागुड़ी बस हादसे पर मुख्यमंत्री ने जताया शोक, आर्थिक सहायता का ऐलान
कोलकाता, 21 जून (हि. स.)।
मयनागुड़ी के उल्लाडाबरी इलाके में रविवार सुबह एक बस दुर्घटना में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 39 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गहरा शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों व घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि इस भयावह घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने सभी घायल यात्रियों कके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर बंग विकास मंत्री निशीथ प्रमाणिक और परिवहन राज्यमंत्री आनंदमय बर्मन को जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने तथा घायलों को त्वरित और उचित चिकित्सा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। वहीं गंभीर रूप से घायलों को एक लाख रुपये तथा सामान्य रूप से घायल लोगों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। साथ ही घायलों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

