home page

गृहवधू की हत्या के विरोध में एसयूसीआई का प्रदर्शन

 | 
गृहवधू की हत्या के विरोध में एसयूसीआई का प्रदर्शन


पूर्व मेदिनीपुर, 11 सितंबर (हि. स.)। जिले के मयना थाना क्षेत्र के पूर्व दक्षिण मयना गांव में नौ सितंबर को हुई गृहवधू की हत्या के विरोध में एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) ने शुक्रवार को मयना बाजार में विरोध मार्च निकाला। पार्टी ने घटना में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी सजा देने की मांग की।

पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, नौ सितंबर को पूर्व दक्षिण मयना गांव में एक गृहवधू की हत्या की घटना हुई थी। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले गांव के एक पान बागान में घटना को देखा था। घटना के विरोध और दोषियों को सजा दिलाने की मांग को लेकर एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने शुक्रवार को मयना बाईपास से मल्लिक मोड़ तक विरोध मार्च निकाला।

विरोध मार्च में पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में शामिल हुए। मार्च का नेतृत्व जगदीश माइती, सिद्धार्थ शंकर राय, सुब्रत बाग, मदन सामंत समेत अन्य नेताओं ने किया।

पार्टी के अनुसार, घटना के अगले दिन उसके प्रतिनिधियों ने मृत गृहवधू के परिजनों से मुलाकात की थी। प्रतिनिधियों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और घटना की निष्पक्ष जांच कर इसमें शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार करने तथा उन्हें कड़ी सजा देने की मांग की।

इसी मांग को लेकर ऑल इंडिया महिला सांस्कृतिक संगठन (एआईएमएसएस) की ओर से मयना थाने में ज्ञापन भी सौंपा गया। संगठन ने पुलिस से मामले की जांच कर घटना में संलिप्त सभी लोगों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता