मोयना में सड़क दुर्घटना में महिला की मौत
पूर्व मेदिनीपुर, 02 सितंबर (हि. स.)। जिले के मोयना थाना क्षेत्र के भुईपाड़ा इलाके में बुधवार को सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान वर्णाली सांतरा बेरा के रूप में हुई है। वह मोयना थाना क्षेत्र के चोंगरा गांव की निवासी थीं। उनके पति का नाम रंजन बेरा है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, महिला अपने घर से किसी काम के सिलसिले में जा रही थीं। इसी दौरान मोयना के श्रीरामपुर स्थित पुराने बांस के पुल से श्रीकंठा की ओर जाने वाले मार्ग पर पीछे से आ रही एक गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। महिला को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर मोयना थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोयना के अधिकांश मार्ग जलमग्न होने के कारण इस संकरे रास्ते से बड़े वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। इसी वजह से दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

