home page

ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में श्रमिक दिवस मनाया गया

 | 
ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में श्रमिक दिवस मनाया गया


आसनसोल, 01 मई (हि. स.)। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) मुख्यालय में एक मई 2026 को श्रमिक दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों के योगदान को सम्मान देना तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। समारोह की शुरुआत मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई, जहां उपस्थित सभी लोगों ने श्रमिकों की शहादत और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को नमन किया। इस दौरान खदानों में कार्यरत श्रमिकों के साहस, समर्पण और त्याग को विशेष रूप से याद किया गया।

कार्यक्रम में संदेश दिया गया कि श्रमिकों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता और यह सभी को सामाजिक न्याय, बेहतर कार्य परिस्थितियों तथा श्रमिक अधिकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर ईसीएल प्रबंधन ने एक ऐसे भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया, जहां प्रत्येक श्रमिक गरिमा और सुरक्षा के साथ जीवन यापन कर सके। कार्यक्रम के अंतर्गत ध्वजारोहण किया गया तथा कोल इंडिया लिमिटेड का कॉर्पोरेट गीत भी गाया गया।

ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक सतीश झा ने सभी कर्मचारियों, संविदा कर्मियों, श्रमिक संगठनों और हितधारकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चुनौतियों को अवसर में बदलकर सामूहिक शक्ति के बल पर एक सशक्त और भविष्य के लिए तैयार ईसीएल का निर्माण किया जाएगा।

समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों और विभागों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। कोयला उत्पादन लक्ष्य प्राप्ति, उत्पादन में वृद्धि, अधिभार हटाव, कोयला प्रेषण और विशेष उपलब्धियों के लिए पांडवेश्वर, सतग्राम-श्रीपुर, झांझरा, बांकौला, मुगमा और केंदा क्षेत्रों सहित विपणन एवं बिक्री विभाग तथा विधि विभाग को पुरस्कृत किया गया। सतग्राम-श्रीपुर क्षेत्र को कोयला चोरी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) गुंजन कुमार सिन्हा, निदेशक (तकनीकी) गिरीश गोपीनाथन नायर, विशेष अतिथि एवं पूर्व निदेशक (तकनीकी) नीलाद्रि राय सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि और अन्य हितधारक उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने श्रम शक्ति के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

समारोह का आयोजन कंपनी के कल्याण विभाग द्वारा महाप्रबंधक रवि रश्मि रंजन लकड़ा के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का समापन अलका कुजूर, सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन), के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा