home page

माथाभांगा में तृणमूल और भाजपा टकराव से माहौल गरम, बढ़ाई गई सुरक्षा

 | 

कुचबिहार, 13 अप्रैल (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच झड़प के बाद माथाभांगा इलाके में तनाव फैल गया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि उनके दो उम्मीदवारों को घेरकर विरोध प्रदर्शन किया गया। महिला उम्मीदवार की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। वहीं, तृणमूल ने भाजपा पर इलाके में अशांति फैलाने का आरोप लगाया है। इसे देखते हुए रविवार रात से ही इलाके में कड़ी निगरानी का इंतज़ाम किया गया है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, रविवार शाम माथाभांगा के वार्ड नंबर पांच में भाजपा उम्मीदवार निशीथ प्रमाणिक प्रचार के लिए पहुंचे थे। वहीं से विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इस दौरान मारपीट में तृणमूल के एक पार्षद सहित कई लोग घायल हो गए। इसके खिलाफ बाद तृणमूल समर्थकों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।

इसी बीच, शीतलकुची विधानसभा क्षेत्र की भाजपा उम्मीदवार सावित्री बर्मन जब माथाभांगा थाने के सामने से गुजर रही थी, तभी आरोप है कि उनकी गाड़ी समेत एक अन्य वाहन में तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद हालात और बिगड़ गए और पुलिस को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

स्थिति को काबू में लाने के लिए रविवार रात से ही केंद्रीय बलों और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। सोमवार को भी पूरे क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार