आग लगने से चार घर और दो दुकानें जलकर राख
दार्जिलिंग, 23 मार्च (हि.स.)। जिले के कर्सियांग महकमा के मंगपू में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। आग में चार घर और दो दुकानें जलकर राख हो गये।
जानकारी के अनुसार, चौरस्ता इलाके में एक घर से आग की शुरुआत हुई और देखते ही देखते पास के घरों और दुकानों में फैल गई। पहाड़ों की तेज हवाओं के कारण आग ने जल्दी ही विकराल रूप ले लिया, जिससे लकड़ी और टिन से बने मकान तेजी से जलकर खाक हो गए।
इस हादसे में चार घर और दो दुकानें पूरी तरह जल गई। घरों का सामान, जरूरी कागजात, नकदी और दुकानों का माल सब कुछ राख हो गया। नुकसान का आंकड़ा लाखों में बताया जा रहा है।
आग लगते ही स्थानीय लोगों ने बुझाने की कोशिश की और दमकल को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे है और प्रभावित परिवारों की मदद की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

