home page

फर्नीचर फैक्ट्री में भीषण आग में करोड़ों का नुकसान

 | 
फर्नीचर फैक्ट्री में भीषण आग में करोड़ों का नुकसान


सिलीगुड़ी,13 मई (हि.स.)। शहर के पास पतिराम जोत के अनिल नगर इलाके में बुधवार तड़के भीषण आग लगने से एक पुरानी फर्नीचर फैक्ट्री पूरी तरह जलकर खाक हो गई। मालिक पक्ष के अनुसार, इस हादसे में कई करोड़ रुपये के फर्नीचर जलकर नष्ट हो गए। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले सुबह के समय फैक्ट्री से उठती आग की ऊंची लपटें देखी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग को बुलाया गया, लेकिन सड़क की सुविधा न होने के कारण दमकल की गाड़ियां समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी। इस बीच आग इतनी तेजी से फैल गई कि स्थानीय लोग प्रयास करने के बावजूद उस पर काबू नहीं पा सके।

बाद में दमकल की एक छोटी गाड़ी वैकल्पिक रास्ते से मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना की जांच माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार