home page

घर में लगी भीषण आग, बाल - बाल बचा परिवार

 | 
घर में लगी भीषण आग, बाल - बाल बचा परिवार


सिलीगुड़ी, 05 नवंबर (हि.स.)। काली पूजा की खुशियों के बीच सिलीगुड़ी के मिडिल पलाश इलाके में बुधवार रात भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई। इस घटना में एक मकान के दो कमरे पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। घटना में घर के सदस्य बाल - बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार, मिडिल पलाश निवासी जब्बर प्रसाद गुप्ता के घर में बुधवार रात अचानक एक कमरे से धुआं और आग की लपटें निकलने लगी। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप ले लिया और पास के दूसरे कमरे को भी अपनी चपेट में ले लिया।

बताया जा रहा है कि जिस कमरे से आग की शुरुआत हुई, उसमें एक शिक्षिका किराये पर रहती है। घटना के समय वह अपने संस्थान में थी, जबकि मकान मालिक भी घर पर मौजूद नहीं थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग लगने के बाद कमरे के अंदर से कई जोरदार धमाकों की आवाजें भी सुनाई दी। शुरुआती तौर पर गैस सिलेंडर फटने या एसी के किसी हिस्से में विस्फोट होने की आशंका जताई गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने खुद पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। इसके साथ ही प्रधाननगर थाने और दमकल विभाग को सूचना दी गई। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके की बिजली आपूर्ति भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई।

सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दोनों कमरों में रखे फर्नीचर, जरूरी सामान और दस्तावेज जलकर राख हो चुके थे।

प्रारंभिक तौर पर बिजली के शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। दमकल विभाग और प्रधाननगर थाना पुलिस घटना कीजांच में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार