सेवक रोड पर प्लास्टिक फैक्ट्री में आग लगने से बड़ा हिस्सा जलकर खाक
सिलीगुड़ी, 17 अगस्त (हि. स.)। सिलीगुड़ी स्थित सेवक रोड के इंडस्ट्रियल पार्क में सोमवार सुबह एक प्लास्टिक फैक्ट्री में भयावह आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया और देखते ही देखते पूरा इलाका काले धुंए से ढक गया।
बताया गया कि सुबह करीब साढ़े दस बजे फैक्ट्री के अंदर से धुआं निकलता देखा गया। कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना पाकर दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। फैक्ट्री में भारी मात्रा में प्लास्टिक, केमिकल और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, हादसे में कई करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका है। घटना की सूचना पाकर भक्तिनगर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से आग लगी, इसकी जांच दमकल विभाग और पुलिस कर रही है।
बताया गया है कि फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल का निरीक्षण करेगी। घटना की सूचना पाकर पुलिस कमिश्नर सैयद वाकर रजा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

